सस्ती और बेहतर गुणवत्ता वाले कच्चे तेल का आयात जारी रखेगा भारत: अधिकारियों ने समिति को बताया

सस्ती और बेहतर गुणवत्ता वाले कच्चे तेल का आयात जारी रखेगा भारत: अधिकारियों ने समिति को बताया

नई दिल्ली, 12 फरवरी : केंद्र सरकार ने कहा है कि भारत उन देशों से कच्चा तेल आयात जारी रखेगा जहां तेल सस्ता और बेहतर गुणवत्ता का उपलब्ध है, बशर्ते वे अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों के दायरे में न हों।

विदेश मंत्रालय और वाणिज्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने यह जानकारी संसदीय विदेश मामलों की स्थायी समिति की बैठक में दी। इस समिति की अध्यक्षता कांग्रेस नेता शशि थरूर कर रहे हैं।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में श्री थरूर ने कहा कि 30 में से 28 सदस्य उपस्थित थे और बैठक अत्यंत प्रभावी रही। बैठक का अधिकांश समय भारत-अमेरिका व्यापार समझौते और भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर चर्चा में व्यतीत हुआ।

उन्होंने बताया कि रूसी तेल और कृषि उत्पादों सहित सभी विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने प्रत्येक प्रश्न का विस्तार से और आत्मविश्वास के साथ उत्तर दिया।

अधिकारियों ने समिति को आश्वस्त किया कि भारतीय तेल कंपनियां भू-राजनीतिक स्थिति और गैर-प्रतिबंधित स्रोतों को ध्यान में रखते हुए तेल की खरीद करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *